कोरबा

राजपत्रिका : कोरबा में 16 वर्षीय छात्रा ने घर पर लगाई फांसी, सुसाइड नोट बरामद

कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्रा ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट और मृतिका का मोबाइल फोन बरामद कर जांच शुरू कर दी है।


मृतिका की पहचान सांची कंवर के रूप में हुई है, जो शहर के सेंट जेवियर स्कूल की 11वीं कक्षा की छात्रा थी। वह मोगरा थाना में पदस्थ आरक्षक रजपाल सिंह कंवर की भांजी बताई जा रही है। सांची अपनी मां के साथ पुलिस लाइन क्षेत्र स्थित मामा के घर में रह रही थी। वह मूल रूप से अमरपुर कटघोरा की निवासी थी।

जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को छात्रा के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है। हालांकि, नोट में क्या लिखा है, इसका खुलासा पुलिस ने अभी नहीं किया है। जांच के हित में इसकी सामग्री गोपनीय रखी गई है।


पुलिस ने मृतिका के पास से उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया है। बताया जा रहा है कि घटना के समय छात्रा के कान में हेडफोन लगा हुआ था। पुलिस मोबाइल फोन के कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।

घटना के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज कर लिए हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।


पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button