राजपत्रिका : विधानसभा सत्र को लेकर सक्ती कलेक्टर ने जिले में लगाया अवकाश पर प्रतिबंध, सभी अधिकारी मुख्यालय पर रहेंगे तैनात

सक्ती : छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी सत्र को ध्यान में रखते हुए सक्ती जिले में प्रशासन ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने आदेश जारी कर जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध विधानसभा सत्र के समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा।
14 जुलाई से शुरू होगा विधानसभा सत्र
छत्तीसगढ़ की षष्ठम् विधानसभा का षष्ठम् सत्र 14 जुलाई 2025 से प्रारंभ हो रहा है। प्रशासनिक आवश्यकताओं और शासन स्तर पर समन्वय की जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए, कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए हैं कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी इस अवधि में किसी प्रकार के अवकाश पर नहीं जाएगा।
मुख्यालय छोड़ने पर भी प्रतिबंध
जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने निर्धारित मुख्यालय पर ही मौजूद रहेंगे। साथ ही, मोबाइल पर हर समय उपलब्ध रहना अनिवार्य किया गया है ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल संपर्क किया जा सके। यह निर्णय विधानसभा सत्र के दौरान किसी भी प्रशासनिक आवश्यकता को तत्काल पूरा करने के उद्देश्य से लिया गया है।
अवकाश केवल विशेष स्थिति में कलेक्टर से स्वीकृत
यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी को विशेष परिस्थितियों में अवकाश की आवश्यकता होती है तो वह केवल कलेक्टर की अनुमति से ही स्वीकृत किया जा सकेगा। इसके लिए विभाग प्रमुख को नस्ती प्रस्तुत करनी होगी और स्वीकृति मिलने के बाद ही अवकाश मान्य होगा। कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को स्वेच्छा से कोई भी अवकाश स्वीकृत न करें।
प्रशासनिक सतर्कता को प्राथमिकता
सत्र के दौरान शासन स्तर पर आने वाली तत्काल आवश्यकताओं और सूचनाओं के मद्देनजर यह आदेश जारी किया गया है ताकि किसी प्रकार की प्रशासनिक बाधा न उत्पन्न हो। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि सभी विभाग इस आदेश का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें, ताकि जिले की जवाबदेही बनी रहे और विधानसभा सत्र के दौरान कोई व्यवधान न आए।