बालोद

राजपत्रिका : जेल से बाहर आते ही वारदात, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की हत्या कर आरोपी ने लगाई फांसी

बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आज दोपहर दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद रहा विचाराधीन कैदी जमानत पर छूटने के बाद सीधे आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा और वहां कार्यरत 54 वर्षीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उगेश्वरी देवांगन की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने उसी आंगनबाड़ी केंद्र में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पूरा मामला देवरी थाना क्षेत्र के फरदफोड़ गांव का है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी लखन देवांगन (57 वर्ष) फरदफोड़ का ही निवासी था। वह दोपहर के समय आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा। उसने पहले वहां मौजूद बच्चों को बाहर जाने को कहा और सहायिका को भी केंद्र से बाहर कर दिया। इसके बाद अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। बताया जा रहा है कि उसने उगेश्वरी देवांगन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।




हत्या के बाद लखन देवांगन ने आंगनबाड़ी केंद्र के भीतर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही देवरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। दोनों मृतक एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है। देवरी थाना प्रभारी राकेश ठाकुर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button