राजपत्रिका : ग्राम सलखन गौठान में 14 मवेशियों की मौत मामले में सरपंच गिरफ्तार, पुलिस ने की कड़ी कार्रवाई

जांजगीर चांपा : थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के ग्राम सलखन गौठान में मवेशियों की संदिग्ध मौत के मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज करते हुए सरपंच रामकृष्ण कश्यप (उम्र 56 वर्ष) निवासी सलखन को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध BNSS की धारा 170, 126, 135(3) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने मामले की बारीकी से जांच की।
गौठान में झटका तार से मौत, 14 मवेशी मृत और कई घायल मिले
घटना 6 अक्टूबर 2025 की है जब ग्राम पंचायत सलखन के गौठान में कई मवेशियों के मृत मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि गौठान के सामने रोड किनारे झटका तार लगाया गया था, जिससे करंट लगने से कुल 14 मवेशी (07 गाय और 07 बैल) की मौत हो गई। इसके अलावा 05 मवेशियों के कंकाल और 03 घायल मवेशी भी मिले। घायल मवेशियों का इलाज कराया गया, जबकि मृत मवेशियों का पंचनामा कर पशु चिकित्सक से पोस्टमार्टम कराया गया।
जांच में सामने आया लापरवाही का मामला, दर्ज हुआ अपराध
प्रारंभिक जांच में गौठान क्षेत्र में लापरवाही और विद्युत झटका तार लगाने की पुष्टि हुई। इस पर थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 493/2025 के तहत धारा 325 BNS और 11(1)(क) पशु क्रूरता अधिनियम का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना में सरपंच रामकृष्ण कश्यप की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
सरपंच को न्यायालय में पेश, क्षेत्र में शांति व्यवस्था के निर्देश
गौठान में मवेशियों की मौत से ग्रामीणों में भारी नाराजगी थी। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने आरोपी सरपंच को गिरफ्तार कर कार्यपालिक दंडाधिकारी शिवरीनारायण के न्यायालय में पेश किया। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती भी की है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
पूरे प्रकरण में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस यदुमणि सिदार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। जांच टीम में थाना प्रभारी शिवरीनारायण निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, सउनि रामप्रसाद बघेल, आरक्षक प्रवीण कुमार साहू और विवेक सिंह की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




