राजपत्रिका : युक्तियुक्तकरण के तहत शासकीय हाई स्कूल जेठा को मिला गणित शिक्षक, छात्रों को अब मिलेगी संतुलित शिक्षा

सक्ति जिले के शासकीय हाई स्कूल जेठा में गणित शिक्षक की लंबे समय से चली आ रही कमी को शासन की युक्तियुक्तकरण नीति ने दूर कर दिया है। अब स्कूल में गणित विषय के लिए नियमित शिक्षक की नियुक्ति हो चुकी है, जिससे छात्रों को संतुलित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलने लगी है।
चार शिक्षकों पर निर्भर था पूरा स्कूल, गणित पढ़ाने वाला नहीं था कोई
अब तक हाई स्कूल जेठा में कुल चार शिक्षक ही कार्यरत थे, जो हिंदी, अंग्रेजी और अन्य विषयों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। लेकिन गणित जैसे मुख्य विषय के शिक्षक की अनुपस्थिति से छात्रों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा था। गणित के बिना छात्र न केवल कमजोर पड़ रहे थे, बल्कि बोर्ड परीक्षाओं में भी प्रदर्शन प्रभावित हो रहा था।
युक्तियुक्तकरण से हुआ समाधान, गणित शिक्षक की हुई पदस्थापना
शासन की ओर से चलाए जा रहे युक्तियुक्तकरण अभियान के तहत शासकीय हाई स्कूल जेठा में गणित शिक्षक की पदस्थापना कर दी गई है। इससे स्कूल में विषयवार शिक्षण व्यवस्था और बेहतर हो गई है। गणित जैसे बुनियादी विषय में अब छात्रों को नियमित पढ़ाई मिल रही है, जिससे न केवल उनकी समझ बढ़ेगी बल्कि परिणामों में भी सुधार होगा।
प्राचार्य ने जताया संतोष, बताया बदलाव का असर
विद्यालय के प्राचार्य गजेंद्र राठौर ने कहा कि गणित शिक्षक की नियुक्ति से विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और संतुलित शिक्षा मिल पा रही है। इससे विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण भी बेहतर हो रहा है।
शासन की पहल से मजबूत हो रही शिक्षा व्यवस्था
युक्तियुक्तकरण योजना के तहत ऐसे स्कूलों को प्राथमिकता दी जा रही है जहां शिक्षक अनुपात असंतुलित है। इससे जिले की शिक्षा व्यवस्था में समग्र सुधार आ रहा है और ग्रामीण क्षेत्र के छात्र भी अब बेहतर शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। शासन का यह प्रयास शिक्षकों की तैनाती को व्यावहारिक और छात्रों की आवश्यकता के अनुरूप बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है।