राजपत्रिका : जांजगीर जिले में ‘प्रगतिशील छत्तीसगढ़–2026’ का भव्य शुभारंभ आज, 21 फरवरी तक चलेगी प्रदर्शनी

जांजगीर-चांपा : लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा की सांसद कमलेश जांगड़े की पहल पर आज 19 फरवरी से पुलिस परेड ग्राउंड, जांजगीर में तीन दिवसीय ‘प्रगतिशील छत्तीसगढ़–2026’ भव्य प्रदर्शनी का शुभारंभ हो गया है। यह राष्ट्रीय स्तर का आयोजन 19, 20 और 21 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
इस प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी आम नागरिकों को सीधे उपलब्ध कराई जा रही है। विभिन्न विभागों के स्टॉल के माध्यम से योजनाओं की प्रक्रिया, पात्रता एवं लाभ की जानकारी दी जा रही है। साथ ही, आधार सेवा शिविर में नागरिकों को आधार से संबंधित सेवाओं का लाभ भी मिल रहा है।
विशेष रूप से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सौर ऊर्जा से जुड़ी जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी निःशुल्क मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
यह आयोजन जिले का प्रथम ऐसा कार्यक्रम है, जिसमें राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न राज्यों की योजनाओं और नवाचारों को प्रदर्शित किया जा रहा है। कृषि प्रधान जिला होने के कारण किसानों के लिए उन्नत कृषि तकनीकों और अन्य राज्यों में अपनाई जा रही आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी भी दी जा रही है।
सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में शामिल होकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है। यह कार्यक्रम सभी नागरिकों के लिए निःशुल्क है।




