जांजगीर चांपा

राजपत्रिका : बलौदा बस स्टैंड में भीषण आग, ‘इलेक्ट्रॉनिक्स’ की दुकान जलकर खाक

जांजगीर-चांपा : जिले के बलौदा कस्बे में आज प्रशासनिक सुस्ती और आग के तांडव का भयावह दृश्य देखने को मिला। बस स्टैंड जैसे अत्यंत व्यस्त इलाके में स्थित राजू इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में अचानक लगी भीषण आग ने कुछ ही देर में पूरी दुकान को राख में तब्दील कर दिया। सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि आग लगने के बाद काफी समय तक दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे आग और विकराल होती चली गई और लोग बेबस होकर तबाही का मंजर देखते रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आज गुरुवार दोपहर के समय दुकान से अचानक ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने दुकान में रखे फ्रिज, एसी, एलईडी  टीवी, कूलर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसने कुछ ही मिनटों में लाखों रुपये मूल्य के स्टॉक को जलाकर नष्ट कर दिया।



आग की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई, लेकिन काफी देर तक कोई राहत वाहन नहीं पहुंचा। इस दौरान हालात को बिगड़ता देख स्थानीय लोगों और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्वयं मोर्चा संभाला। लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर और रेत का उपयोग कर आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल सकी।

घटना के दौरान घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई और प्रशासन के प्रति लोगों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने सवाल उठाए कि बस स्टैंड जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में अग्निशमन व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं हैं। लोगों का कहना था कि यदि समय पर दमकल वाहन पहुंच जाता तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।


इस भीषण आग की घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button