बिलासपुरमस्तुरी

राजपत्रिका : बिलासपुर में संदिग्ध हालात में युवती की फांसी से मौत, प्रेमी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज

बिलासपुर : जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मल्हार निवासी मल्लिका कुर्रे का शव उसके घर से करीब सात किलोमीटर दूर ग्राम धनगंवा स्थित एक मकान में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मल्लिका कुर्रे मंगलवार को मेला जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। कुछ समय बाद धनगंवा निवासी उसके प्रेमी राजू लहरिया ने युवती के परिजनों को फोन कर बताया कि मल्लिका उसके घर पहुंच गई है और वे आकर उसे ले जाएं। परिजनों ने युवती के स्वयं घर छोड़कर जाने की बात कहते हुए उसे लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद मल्लिका राजू के घर पर ही रह रही थी।


शुक्रवार सुबह राजू लहरिया के घर के एक कमरे में मल्लिका का शव रोशनदान में दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिला। इसकी जानकारी राजू और उसके परिजनों ने आसपास के लोगों और गांव के कोटवार को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही मल्हार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और बंद कमरे का दरवाजा खोलकर जांच की, जहां युवती का शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।


मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शादी से इनकार करने के कारण युवती की हत्या की गई है। वहीं पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर प्रेमी राजू लहरिया के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।

मृतका के जीजा ने बताया कि मल्लिका और राजू के बीच पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। युवती राजू के साथ रहने की जिद कर रही थी, जबकि राजू और उसके परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button