
बिलासपुर : बिलासपुर में पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में महिला और उसके सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3 किलो 700 ग्राम गांजा जब्त किया गया। पति के जेल जाने के बाद पत्नी गांजा बेच रही थी। मामला कोनी थाना क्षेत्र का है। वहीं, शहर के तारबाहर थाना पुलिस ने ओडिशा से गांजा लाकर शहर में बेचने की फिराक में घूम रहे एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक आईफोन और ट्रॉली बैग में रखे 10 किलो 594 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।
केस- 1
दरअसल, एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चल रहा है। ऐसे में कोनी थाना क्षेत्र के बिरकोना में कुछ दिन पहले अदीप उर्फ टेंगना को गांजा के साथ पकड़ा गया था। उसे रिमांड पर जेल भेजा गया। पति के जेल जाने के बाद उसकी पत्नी प्रमिला वर्मा ने अवैध कारोबार संभाल लिया और गांजा बेचने लगी। पुलिस को सूचना मिली कि प्रमिला वर्मा अपने घर में गांजा रखे हुए है। सीढ़ियों में बैठकर बना रही थी पुड़िया बुधवार को पुलिस टीम ने उसके घर दबिश दी। उस समय वह घर की सीढ़ियों पर बैठकर गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया तैयार कर रही थी। घर की तलाशी में 3 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने महिला को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
सप्लायर भी पकड़ा गया
पूछताछ में महिला ने बताया कि गांजा सीपत निवासी बलराम यादव से मिला था। जानकारी मिलते ही पुलिस ने बलराम को भी गिरफ्तार कर लिया। बलराम ने बताया कि उसने 4 किलो गांजा 10 हजार रुपए में बेचने की बात तय की थी। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
केस- 2
तारबाहर पुलिस ने ओडिशा से गांजा लाकर शहर में बेचने की फिराक में घूम रहे तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के पास रेलवे अंग्रेजी स्कूल वाली गली में एक संदिग्ध युवक ट्रॉली बैग के साथ खड़ा है। उसके पास बड़ी मात्रा में गांजा है और वह ग्राहक की तलाश कर रहा है। पुलिस टीम सिविल ड्रेस में मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम हिमांशु यादव (20 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 24, रेलवे कॉलोनी, झाड़सुगुड़ा (ओडिशा) बताया।
10 किलो से अधिक गांजा बरामद
ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर उसमें 10 किलो 594 ग्राम गांजा मिला। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ओडिशा से गांजा लाकर बिलासपुर में स्थानीय तस्करों और युवाओं को ऊंचे दाम पर बेचने की तैयारी में था।
अवैध नशे के खिलाफ सख्ती
एसएसपी रजनेश सिंह ने जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा।




