बिलासपुर

राजपत्रिका : बिलासपुर:मोबाइल नंबर ब्लॉक करने से नाराज हुई प्रेमिका, फिर चाकू मारकर प्रेमी को उतार दिया मौत के घाट

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम संबंध में उपजे विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद नाराज प्रेमिका ने अपने ही प्रेमी की चाकू मारकर हत्या कर दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।



यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शुभम विहार की है। मृतक की पहचान कामता उर्फ भोला मधुकर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से रतनपुर के कर्रा गांव का निवासी था। वह बिलासपुर के शुभम विहार स्थित एक हॉस्टल में किराए पर रहकर उस्लापुर के एक होटल में काम करता था।


पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती रोशनी सूर्यवंशी सीपत थाना क्षेत्र के झलमला गांव की रहने वाली है। दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। कुछ दिनों पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद दो-तीन दिन पहले मृतक ने अपनी प्रेमिका का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था।

इसी बात से नाराज होकर आरोपी युवती मंगलवार सुबह चाकू लेकर प्रेमी के हॉस्टल पहुंची। कमरे में दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर युवती ने प्रेमी के सीने पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से कामता की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी युवती ने कमरे में फैले खून को साफ कर दिया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button