जांजगीर चांपा

राजपत्रिका : जांजगीर चांपा:इंटरनेशनल किक बॉक्सिंग कप में अभिषेक खांडेकर का शानदार प्रदर्शन

जांजगीर-चांपा : जिले के लिए गर्व का क्षण तब आया जब थाना चांपा में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक बी.पी. खांडेकर के सुपुत्र अभिषेक खांडेकर ने नई दिल्ली स्थित केडी जाधव स्टेडियम में 4 से 8 फरवरी तक आयोजित वाको इंडिया इंटरनेशनल किक बॉक्सिंग कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया। सैकड़ों खिलाड़ियों की मौजूदगी वाली इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अभिषेक की उपलब्धि ने जिले और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

वाको इंडिया किक बॉक्सिंग फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ कई विदेशी खिलाड़ियों ने भी भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बीच छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए अभिषेक ने शानदार तकनीक, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय दिया तथा अपने वर्ग में दमदार प्रदर्शन कर दो पदक हासिल किए।

मीडिया से चर्चा में अभिषेक ने बताया कि वे लंबे समय से किक बॉक्सिंग का प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनकी सफलता में माता-पिता के मार्गदर्शन और प्रशिक्षकों के समर्पित सहयोग की अहम भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि उनकी बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री इसी वर्ष पूर्ण हुई है और आगे वे मास्टर्स करेंगे, लेकिन करियर किक बॉक्सिंग में ही बनाना चाहते हैं।


अभिषेक की इस उपलब्धि पर जिले के खेल प्रेमियों, नागरिकों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button