राजपत्रिका : जांजगीर चांपा:नवागढ़ में युवक को जिंदा जलाने का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा : जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में रंजिश के चलते एक युवक को डीजल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घटना 15 फरवरी 2026 की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, आहत विशू सारथी ग्राम कटौद में मेला देखने गया था। इसी दौरान आरोपी आकाश कुमार कर्ष (20 वर्ष), निवासी ग्राम कटौद, थाना नवागढ़, ने पुरानी रंजिश को लेकर उससे विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद आरोपी ने जान से मारने की नीयत से विशू सारथी पर डीजल उड़ेल दिया और माचिस जलाकर उसे आग लगा दी।
आग लगते ही विशू सारथी गंभीर रूप से झुलस गया। जान बचाने के लिए वह पास के तालाब में कूद गया, जिससे उसकी जान बच सकी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को परिजनों ने तत्काल रायपुर स्थित डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नवागढ़ पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 67/2026 के तहत धारा 109, 296 एवं 351(3) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी का मेमोरेण्डम कथन लिया गया, जिसके पश्चात उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश सेंडे के नेतृत्व में पुलिस टीम की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है। पुलिस ने मामले की आगे की जांच जारी होने की जानकारी दी है।



