जांजगीर चांपा

राजपत्रिका : जांजगीर चांपा: इंस्टाग्राम पर अभद्र टिप्पणी कर धार्मिक भावनाएं आहत करने वाला आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा : सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी कर धार्मिक भावनाएं आहत करने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई साइबर थाना टीम और शिवरीनारायण पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरौधपुरी धाम में आयोजित परम पूज्य संत शिरोमणि गुरु घासीदास बाबा जी के मेला कार्यक्रम से संबंधित एक वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया था। उक्त वीडियो पर आरोपी द्वारा अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी की गई, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। मामले की शिकायत मिलने पर थाना शिवरीनारायण में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।


जांच के दौरान आरोपी की पहचान सुप्रीम यादव (30 वर्ष), निवासी खरौद, थाना शिवरीनारायण, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती सतरूपा तारम के मार्गदर्शन में साइबर टीम और शिवरीनारायण पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है और आरोपी के विरुद्ध धारा 299 बीएनएस तथा 66 (डी) आईटी एक्ट के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवरीनारायण निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, सहायक उप निरीक्षक कपिल साहू, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा, आरक्षक माखन साहू, यशवंत पाटले तथा थाना शिवरीनारायण के अन्य स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button