इंदौरसक्ती

राजपत्रिका : इंदौर में सक्ती के युवक की हत्या, फोन पर पत्नी से झगड़े की सूचना के बाद मिला शव

सक्ती : जिले के हसौद क्षेत्र के देवरघटा गांव निवासी 40 वर्षीय खोजराम नारंग की मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। उनका खून से लथपथ शव 12 फरवरी की सुबह एमआर-4 रेलवे क्रॉसिंग के पास बरामद हुआ। घटना से परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, खोजराम नारंग इंदौर के पोलोग्राउंड इलाके स्थित युग कलर फोटो स्टूडियो लैब में फोटो एलबम बनाने का कार्य करते थे। वे लगभग चार-पांच माह पूर्व ही रोजगार के सिलसिले में इंदौर गए थे। वहां वे लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन के सामने किराए के मकान में अपने दो भाइयों, दो बहनों और एक चचेरे भाई समेत 10-12 परिचितों के साथ रह रहे थे।

बताया गया है कि बुधवार रात करीब 10 बजे खोजराम ने अपनी पत्नी सती नारंग को फोन कर बताया था कि वे शराब दुकान के पास हैं और कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया है। फोन पर झगड़े और धक्का-मुक्की की आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद अचानक मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद से वे घर नहीं लौटे।

अगली सुबह करीब 8 बजे बाणगंगा थाना पुलिस को रेलवे ट्रैक के समीप एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मृतक की पहचान खोजराम नारंग के रूप में की। पुलिस के अनुसार, उनके गले पर धारदार हथियार से गहरे वार के निशान पाए गए हैं, साथ ही शरीर पर अन्य चोटों के भी चिन्ह मिले हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई है।

पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस लूट तथा पुरानी रंजिश—दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।


घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक निर्मल सिन्हा ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से फोन पर बात कराई। मुख्यमंत्री ने मृतक की पत्नी से बातचीत कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा हरसंभव शासकीय सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button