राजपत्रिका : कंचन रेस्टोरेंट में शराबखोरी, पुलिस की दबिश से हड़कंप, संचालक पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

जांजगीर चांपा : चांपा शहर के बीचोंबीच लायंस चौक में स्थित कंचन रेस्टोरेंट एंड कैफे में अवैध शराब परोसने की शिकायत पर चांपा पुलिस ने देर रात दबिश दी। छापेमारी में शराब पीते और पिलाते लोगों को रंगे हाथों पकड़ा गया। रेस्टोरेंट संचालक गणेश साहू पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए मुचलके पर छोड़ा गया है। पुलिस ने दोबारा ऐसी हरकत होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। इस घटना से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है।
रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा था शराबखोरी का धंधा
पुलिस को लंबे समय से कंचन रेस्टोरेंट में अवैध शराब परोसने की शिकायतें मिल रही थीं। शनिवार रात जैसे ही पुख्ता सूचना मिली, चांपा पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट में छापा मारा। मौके पर कई लोग शराब पीते हुए पकड़े गए। पुलिस ने सभी को थाने लाकर पूछताछ की और रेस्टोरेंट संचालक गणेश साहू के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
मुख्य व्यावसायिक और पारिवारिक क्षेत्र में ऐसी गतिविधि से लोगों में नाराज़गी
कंचन रेस्टोरेंट शहर के अत्यंत संवेदनशील और व्यस्त क्षेत्र लायंस चौक में स्थित है, जहां आसपास प्रमुख मेडिकल स्टोर, अस्पताल, व्यापारिक प्रतिष्ठान और रिहायशी इलाके हैं। यह स्थान पारिवारिक ग्राहकों के लिए भी जाना जाता है। ऐसी जगह पर शराबखोरी होने से स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। कई लोगों ने इसे पूरे शहर के सामाजिक वातावरण को खराब करने वाला बताया है।
पुलिस की कार्रवाई से अवैध गतिविधियों को मिला कड़ा संदेश
चांपा पुलिस ने इस कार्रवाई के बाद स्पष्ट कर दिया है कि सार्वजनिक स्थलों पर अवैध गतिविधियों को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संचालक को चेतावनी दी गई है कि अगर भविष्य में दोबारा इस तरह की गतिविधि पाई गई, तो सख्त दंडात्मक कार्रवाई होगी। साथ ही शहर में सभी होटल-रेस्टोरेंट्स को रात 10 बजे के बाद बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
शहरवासियों ने पुलिस कार्रवाई का किया स्वागत, निगरानी की उठाई मांग
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन और नियमों का पालन अनिवार्य है। लोगों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए प्रशासन को समय-समय पर औचक जांच करनी चाहिए ताकि परिवारों के लिए सुरक्षित वातावरण बना रहे ।