राजपत्रिका : अकलतरा में चाकू से प्राणघातक हमला, पुलिस ने तीन आरोपियों और एक नाबालिग को दबोचा

जांजगीर चांपा : जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में कपड़ा खरीदने गए युवकों पर चाकू मारकर हत्या की कोशिश का खुलासा पुलिस ने कर लिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल बरामद किए गए हैं, जबकि नाबालिग को किशोर न्यायालय में पेश किया गया।
घटना का विवरण
दिनांक 06 जुलाई 2025 की शाम लगभग 7 बजे प्रार्थी अमन सारथी अपने दोस्तों के साथ कपड़ा खरीदने अकलतरा गया। उसी दौरान सिघांनिया पेट्रोल पंप के पास ठेले में सिगरेट लेने रुका और अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर सिगरेट पी रहा था। तभी वहां पहुंचे आरोपी प्रभात यादव ऊर्फ भोलू, गब्बर ऊर्फ सुमीत चौहान और संजीव कुमार ऊर्फ चीकू ने वाहन पर बैठने को लेकर विवाद शुरू किया। आरोपियों ने गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी देते हुए तिलेश्वर भैना के पेट में चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने पर वह मौके पर बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना अकलतरा की टीम ने आरोपियों की खोज शुरू की। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर प्रभात यादव, गब्बर और संजीव कुमार को हिरासत में लिया गया। आरोपियों ने जुर्म कबूल किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल बरामद किए। मामले में शामिल नाबालिग आरोपी को भी पकड़कर किशोर न्यायालय में पेश किया गया।
तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। नाबालिग आरोपी को किशोर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस की सक्रियता और तत्परता ने इस गंभीर मामले को समय रहते नियंत्रित किया और स्थानीय लोगों में विश्वास बढ़ाया।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक बी.एल. कोसरिया, सउनि डी.एल. बरेठ, मोबिन खान, प्रधान आरक्षक शरीफुद्दीन, आर. राजकुमार पाण्डेय, बसंत साहू और जांजगीर साइबर सेल की टीम का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने अपराधियों के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी ।