राजपत्रिका : जांजगीर-चांपा: तलवार लेकर लोगों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा : सिटी कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी राह चलते लोगों को तलवार दिखाकर डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि खोखरा सूर्या चौक के पास एक व्यक्ति धारदार हथियार लेकर लोगों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी जिला प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पॉल (रापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप तथा सीएसपी योगिता बाली खापर्डे को दी गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में अपना नाम गौरी शंकर सूर्यवंशी (32 वर्ष), निवासी खोखरा सूर्या चौक, जांजगीर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार तलवार बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक बेलसज्जर लकड़ा तथा आरक्षक परदेशी कंवर और नीतीश विश्वकर्मा का विशेष योगदान रहा।




