रायगढ़

राजपत्रिका : रायगढ़ में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड देव बंसल रायपुर से गिरफ्तार

रायगढ़ : रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रैकेट के मुख्य आरोपी देव बंसल को रायपुर से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई, जिसमें साइबर सेल और थाना चक्रधरनगर की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह सट्टा नेटवर्क इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और फोनपे जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए संचालित किया जा रहा था, जिसका कनेक्शन कई राज्यों तक फैला हुआ था। आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर अलग-अलग राज्यों में छिपते हुए इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रहे थे।

मामले की शुरुआत 16 फरवरी 2026 को हुई थी, जब चक्रधरनगर क्षेत्र के बोईरदादर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित श्याम फिनाइल उद्योग में पुलिस ने रेड कार्रवाई की थी। इस दौरान विकास अग्रवाल उर्फ फून्नु और विनय अग्रवाल को इंग्लैंड और इटली के बीच चल रहे टी-20 मैच पर मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खरसिया निवासी गगन अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा संचालन करने की बात कबूल की थी।

इसके बाद पुलिस ने 11 मार्च को फरार आरोपी गगन अग्रवाल को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच आगे बढ़ने पर पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ, जिसमें देव बंसल का नाम सामने आया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे रायपुर स्थित उसके निवास से गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया।

आरोपी देव बंसल के कब्जे से आईफोन 16 प्रो बरामद किया गया है, जिसमें विभिन्न राज्यों की यात्रा से जुड़े टिकट, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के रिकॉर्ड और क्रिकेट सट्टा नेटवर्क से संबंधित कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जांच में इस रैकेट से जुड़े अन्य आरोपियों के भी प्रमाण मिले हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पूरी कार्रवाई सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध जानकारी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

यह कार्रवाई रायगढ़ पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच के जरिए अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button