रायपुर

राजपत्रिका : फिल्मी स्टाइल में भागे हत्या के 2 कैदी, कोर्ट परिसर में पुलिस को दिया चकमा, शहर में नाकाबंदी

रायपुर : राजधानी रायपुर में पुलिस अभिरक्षा से कैदियों के भागने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रायपुर सेंट्रल जेल में बंद दो विचाराधीन कैदी, जिन्हें कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था, पुलिसकर्मियों को चकमा देकर रफूचक्कर हो गए। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और राजधानी के मार्गों पर नाकाबंदी कर दी गई है।


पेशी से पहले ही गायब हुए

मिली जानकारी के अनुसार, फरार हुए कैदियों की पहचान राजेश मारकण्डेय और तुलाराम मारकण्डेय के रूप में हुई है। दोनों कैदी हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं के तहत जेल में बंद थे। गुरुवार को उन्हें नियमित पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था। बताया जा रहा है कि कैदी उस समय कोर्ट मुहर्रिर की अभिरक्षा में थे, तभी मौका पाकर दोनों वहां से फरार हो गए।

पुलिसकर्मियों के उड़े होश

कोर्ट परिसर जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके से कैदियों के गायब होने की खबर मिलते ही सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने अपने स्तर पर कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन जब सफलता नहीं मिली तो उच्च अधिकारियों और जेल प्रबंधन को इसकी सूचना दी गई।


जांच में जुटी पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन्स पुलिस ने दोनों कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं इस लापरवाही को लेकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर भी गाज गिर सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button