जांजगीर चांपाशिवरीनारायण

राजपत्रिका : जांजगीर चांपा: दहेज प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता ने लगाई फांसी, पति समेत चार आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा :  जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आज बुधवार को पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि नवविवाहिता को दहेज में मोटरसाइकिल नहीं मिलने को लेकर ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।


पुलिस के अनुसार 11 फरवरी 2026 की रात नवविवाहिता ने अपने घर में साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना मिलने पर शिवरीनारायण थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और पंचनामा कार्रवाई की।

जांच के दौरान मृतका के परिजनों ने बताया कि 16 अप्रैल 2025 को सामाजिक रीति-रिवाज के साथ उसकी शादी धर्मेन्द्र निर्मलकर से हुई थी। शादी के करीब दो महीने बाद से ही पति धर्मेन्द्र निर्मलकर, सास शिव कुमारी निर्मलकर, देवर मनोज निर्मलकर और मौसी सास तेरस बाई निर्मलकर दहेज में मोटरसाइकिल की मांग करने लगे थे। मांग पूरी नहीं होने पर वे उसे गाली-गलौज करते थे और मारपीट कर प्रताड़ित करते थे।


पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के बाद पति धर्मेन्द्र निर्मलकर (30), सास शिव कुमारी निर्मलकर (48), देवर मनोज निर्मलकर (27) निवासी राहौद तथा मौसी सास तेरस बाई निर्मलकर (37) निवासी खोखरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, एएसआई रामप्रसाद बघेल सहित शिवरीनारायण थाना स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button