राजपत्रिका : कार्यक्रम फ्लॉप : सीएम के उपस्थिति में नपं के शपथ ग्रहण कार्यक्रम पर उठे सवाल, खाली कुर्सियां, ट्रैफिक जाम और अधूरे आईटीआई भवन में आयोजन बना चर्चा का विषय

दूर दूर से आए कार्यकर्ताओं को पानी तक नहीं पूछा
बम्हनीडीह : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नगर पंचायत बम्हनीडीह के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन ने बड़े आयोजन का दावा किया था, लेकिन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कई व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं । स्थानीय लोगों के बीच सबसे अधिक चर्चा कार्यक्रम में अपेक्षित भीड़ नहीं पहुंचने, आधे से अधिक कुर्सियां खाली रहने, पूरे नगर में घंटों तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनने तथा निर्माणाधीन आईटीआई भवन में कार्यक्रम आयोजित किए जाने को लेकर रही । लोगों का कहना है कि कार्यक्रम की तैयारियों का असर आम नागरिकों की दैनिक दिनचर्या पर भी पड़ा और कई लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ा ।
दावों के विपरीत खाली नजर आया पंडाल
बम्हनीडीह के नेताओं द्वारा कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के दावे किए गए थे और नगर पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की बात कही जा रही थी, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर वास्तविक तस्वीर अलग नजर आई । बड़ी संख्या में लगाई गई कुर्सियों में आधे से अधिक खाली दिखाई दीं । स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा रही कि भाजपा के कुछ चुनिंदा नेताओं तक ही कार्यक्रम की जिम्मेदारी सीमित रही, जबकि आम कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों तक प्रभावी ढंग से सूचना और संपर्क नहीं हो पाया । इसके चलते अपेक्षित जनसमर्थन कार्यक्रम में दिखाई नहीं दिया और जो कार्यकर्ता आए भी थे उन्हें पानी तक नहीं पूछा गया जिसमें नागरिकों की गहरी नराजगी नगर आई ।
पूरे नगर में ट्रैफिक व्यवस्था हुई प्रभावित
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग और यातायात प्रतिबंध लगाए गए थे । इसका असर पूरे बम्हनीडीह नगर में देखने को मिला । बाजार क्षेत्र सहित कई मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं । स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों, व्यापारियों और ग्रामीणों को घंटों तक जाम की समस्या का सामना करना पड़ा । कई लोगों का कहना था कि प्रशासन यदि पहले से वैकल्पिक यातायात व्यवस्था करता तो आम नागरिकों को इतनी परेशानी नहीं होती ।
अधूरे आईटीआई भवन में आयोजन पर उठे सवाल
शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन निर्माणाधीन आईटीआई भवन परिसर में किया गया । यह भवन अपनी निर्धारित निर्माण अवधि समाप्त होने के बाद भी अब तक पूरा नहीं हो पाया है । स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस भवन का निर्माण पहले से ही धीमी गति से चल रहा है, उसी परिसर में बड़े सरकारी कार्यक्रम के आयोजन से निर्माण कार्य और अधिक दिनों तक प्रभावित होने की संभावना है । लोगों का कहना है कि यदि किसी अन्य उपयुक्त स्थान का चयन किया जाता तो निर्माण कार्य भी बाधित नहीं होता और आयोजन भी बेहतर ढंग से कराया जा सकता था ।




