रायपुर

राजपत्रिका : गर्मी का कहर, होली से पहले ही चढ़ा पारा, तापमान में तेज बढ़ोतरी

रायपुर :  होली से पहले ही प्रदेश में भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। बीते 24 घंटे में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी चक्रवात और विक्षोभ के कारण प्रदेश में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे लोग चिलचिलाती धूप और लू जैसी परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं।

प्रदेश के विभिन्न जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। सारंगढ़ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि राजधानी रायपुर और बिलासपुर में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहेगा और गर्मी का असर और तेज हो सकता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी से बचाव के लिए लोग दिन के समय धूप में निकलने से बचें, हल्के व सूती कपड़े पहनें और अधिक से अधिक पानी पिएं। बढ़ते तापमान के कारण लू लगने और हीटस्ट्रोक जैसी समस्याओं का खतरा भी बढ़ सकता है।

आने वाले दिनों में बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर जा सकता है। मार्च के महीने में ही बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button